सतत जीवनशैली एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश ‘साइक्लोथॉन फॉर ऑल’
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने दिखाई हरित भविष्य की राह, सचिव पर्यावरण शैलजा देवल ने प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
‘साइक्लोथॉन फॉर ऑल’
जयपुर- राजस्थान में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को जयपुर में ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ के शुभारंभ के क्रम में ‘साइक्लोथॉन फॉर ऑल’ का आयोजन किया गया। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल,पर्यावरण विभाग एवं इंटरनेशनल सोसायटी फॉर लाइफ साइंसेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस साइक्लोथॉन में बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों, युवाओं एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार, पर्यावरण विभाग की सचिव श्रीमती शैलजा देवल तथा राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव कपिल चन्द्रवाल सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
“साइकिल चलाना केवल परिवहन का विकल्प नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छ वायु और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक: मुख्य सचिव”
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। हमें अपनी जीवनशैली में ऐसे छोटे-छोटे बदलाव अपनाने होंगे, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित कर सकें। साइकिल चलाना केवल परिवहन का एक विकल्प नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छ वायु और पर्यावरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाए, तो सतत विकास का लक्ष्य हासिल करना संभव है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन एवं वायु प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। साइकिलिंग जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ऊर्जा संरक्षण, प्रदूषण में कमी और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।
Sanchar Jagat Advt Enquiry Number
पर्यावरण संरक्षण के लिए जन सहभागिता एवं व्यवहार परिवर्तन आवश्यक: अतिरिक्त मुख्य सचिव
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनंद कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता और व्यवहार परिवर्तन बेहद महत्वपूर्ण हैं। साइक्लोथॉन जैसे आयोजन लोगों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने तथा सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। प्रकृति एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी दिनचर्या में पर्यावरण अनुकूल आदतों को शामिल करना चाहिए।
‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ के शुभारंभ में
पर्यावरण अनुकूल आदतों को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं नागरिक: सचिव, पर्यावरण विभाग
पर्यावरण विभाग की सचिव शैलजा देवल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयास तभी व्यापक और प्रभावी बन सकते हैं, जब प्रत्येक नागरिक अपनी दिनचर्या में पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाए। साइकिलिंग जैसे सरल एवं व्यवहारिक विकल्प न केवल वायु प्रदूषण को कम करने में सहायक हैं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन में विभिन्न आयु वर्गों के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस आयोजन से मिले संदेश को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और अन्य लोगों को भी सतत जीवनशैली के लिए प्रेरित करें।
साइकिल चलाना केवल परिवहन का विकल्प नहीं : मुख्य सचिव
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा सतत जीवनशैली अपनाने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के समापन पर सचिव पर्यावरण श्रीमती शैलजा देवल ने साइक्लोथॉन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
साइक्लोथॉन राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल परिसर से प्रारंभ होकर मालवीय नगर स्थित एपेक्स सर्किल के रास्ते नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे मुख्यालय तक आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ साइकिल चलाकर स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ राजस्थान का संदेश दिया। प्रतिभागी के रूप में शामिल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक श्री हेमंत सिंह ने इस अवसर पर कुल 60 किलोमीटर साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास में आम नागरिक की भूमिका का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को निजी वाहनों के स्थान पर साइकिल जैसे पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना तथा प्रदूषण नियंत्रण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के अंतर्गत आयोजित यह पहल पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा सतत विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।