बागोड़ा। 70वीं जिला स्तरीय वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जालौर जिले के सीनियर छात्रा वर्ग तथा सब-जूनियर छात्र-छात्रा वर्ग में जिला चैंपियन बनने वाले खिलाड़ियों का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जूना राऊता में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ विद्यालय के 13 खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया।
विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में गांव में खुली जीप रैली निकाली गई। रैली गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह ग्रामीणों एवं खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। डीजे की धुन पर उत्साहित विद्यार्थियों ने विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में जमकर नारे लगाए और पूरे गांव में उत्सव का माहौल नजर आया।
इसके बाद विद्यालय प्रांगण में मुख्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि रतनाराम, पूर्व PEEO राऊता एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार ने विजेता खिलाड़ियों, कोच सुग्रीव कुमार तथा टीम प्रभारी को पारितोषिक प्रदान कर एवं साफा बंधवाकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि रतनाराम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता की शुरुआत लक्ष्य को मन में ठानने से होती है। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर खिलाड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भामाशाह शंकराराम, लक्ष्मणाराम, मदनसिंह, सुलतानसिंह, भगवानाराम, जवानाराम, छगनाराम, कृष्णराम, भरत कुमार, रूडाराम, अशोक कुमार, मेघाराम, बगाराम, प्रकाश पुरी एवं विक्रम कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
मंच संचालन शिक्षक माधुराम ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं राऊता गांव में खुशी का माहौल है।


