9,731 लीटर खाद्य तेल और 225 किलो घी सीज, फैक्ट्रियों में मिली भयंकर गंदगी

जयपुर। त्योहारी सीजन में आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने बुधवार देर रात जयपुर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 9,731 लीटर खाद्य तेल और 225 किलो संदिग्ध घी सीज किया है। इसके साथ ही शास्त्री नगर में डेयरी इकाइयों पर कार्रवाई करते हुए भारी गंदगी पाए जाने पर खराब दूध और क्रीम को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण के आयुक्त श्री अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार और जयपुर प्रथम के अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में की गई।
खाद्य तेल के तीन वेरिएंट के सैंपल लेकर 9,731 लीटर स्टॉक सीज
टीम ने सीकर रोड स्थित वीकेआई (VKI) क्षेत्र में रोड नंबर 12 के सामने ‘मैसर्स बी.एन. एग्रीटेक लिमिटेड’ के परिसर (प्लॉट नंबर 301, 302 और 303, स्कीम नंबर 4) पर औचक निरीक्षण किया। यहाँ मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के तीन अलग-अलग वेरिएंट—जिन पर ‘प्रो इम्यूनिटी’, ‘प्रो फिटनेस’ एवं ‘प्रो एनर्जी’ अंकित था—के नमूने लिए गए। शुद्धता की जांच के लिए सैंपल लैब भेजने के साथ ही मौके पर मौजूद 9,731 लीटर खाद्य तेल को सीज कर दिया गया।
कुकड़खेड़ा में 225 किलो ‘घृतम’ ब्रांड का घी सीज
मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए टीम कुकड़खेड़ा स्थित ‘हेजल ट्रेडिंग कंपनी’ पहुंची। यहाँ से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने घी का सैंपल लिया और मौके पर मौजूद 225 किलोग्राम ‘घृतम’ ब्रांड के घी के स्टॉक को सीज कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डेयरी इकाइयों में भयंकर गंदगी, एक्सपायर्ड दूध और क्रीम नष्ट
शास्त्री नगर स्थित ‘शर्मा पनीर उद्योग’ और सुभाष नगर शॉपिंग सेंटर स्थित ‘बालाजी पनीर हाउस’ के निरीक्षण के दौरान टीम को भारी अनियमितताएं मिलीं।
- गंदगी का अंबार: दूध के डिब्बों और पनीर बनाने वाले उपकरणों पर मैल जमी हुई थी। परिसर में मक्खियाँ भिनभिना रही थीं और कचरा बिखरा पड़ा था।
- दस्तावेजों की कमी: दुकानों पर न तो फूड लाइसेंस मुख्य स्थान पर लगा था और न ही वहां काम करने वाले कर्मचारियों के पास मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट था।
- एक्शन: टीम ने मौके से मावा, मिल्क केक, पनीर और घी के सैंपल लिए। साथ ही 30 लीटर एक्सपायर्ड (अवधि पार) दूध और 25 किलो खराब हो चुकी क्रीम को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

सेहत से खिलवाड़ पर सख्त चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि दूध, मावा, पनीर जैसे डेयरी उत्पादों को अस्वच्छ परिस्थितियों में रखने से फूड पॉइजनिंग, उल्टी और दस्त जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




