ओरा वरमानी ने मलेशिया में बढ़ाया भारत का मान
- ‘मिस ओरिएंट टूरिज्म ग्लोबल 2026’ में बनीं फर्स्ट रनर-अप
- अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में हासिल की बड़ी सफलता,
- ‘मिस राजस्थान 2024’ से शुरू हुआ था सफर
जयपुर- भारतीय मॉडल ओरा वरमानी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मलेशिया के मलेका में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता मिस ओरिएंट टूरिज्म ग्लोबल 2026’ में ओरा ने फर्स्ट रनर-अप (प्रथम उपविजेता) का खिताब अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि को उनके मॉडलिंग सफर की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
ओरा ने कम उम्र में अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

‘मिस राजस्थान 2024’ से शुरू हुआ सफर
ओरा वरमानी के पेजेंट सफर की शुरुआत ‘मिस राजस्थान 2024’ प्रतियोगिता से हुई थी। इस प्रतियोगिता में उन्होंने टॉप-14 फाइनलिस्ट में जगह बनाई थी। साथ ही उन्हें ‘बेस्ट पर्सनैलिटी’ का प्रतिष्ठित सब-टाइटल भी मिला था। इस उपलब्धि ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से शुरुआत करने के बाद ओरा ने अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास किए और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बचपन का शौक बना जुनून
ओरा वरमानी ने बताया कि उन्हें बचपन से ही सजने-संवरने, कैमरे के सामने आने और मॉडलिंग करने का शौक था। धीरे-धीरे उनका यह शौक जुनून में बदल गया और उन्होंने इसे अपने करियर के रूप में आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
ओरा के अनुसार, उन्हें अलग-अलग संस्कृतियां आकर्षित करती हैं। विभिन्न देशों की परंपराओं, पहनावे और सांस्कृतिक विविधताओं को जानने में उनकी विशेष रुचि है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भागीदारी ने उन्हें अलग-अलग संस्कृतियों को करीब से समझने का अवसर भी दिया।
परिवार के सहयोग को दिया सफलता का श्रेय
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय ओरा वरमानी ने अपने परिवार के अटूट समर्थन और देशवासियों की शुभकामनाओं को दिया। उन्होंने बताया कि परिवार के प्रोत्साहन ने उन्हें अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने की ताकत दी।
मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप का खिताब हासिल करना ओरा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।
ओरा वरमानी की यह उपलब्धि भारतीय प्रतिभा कीअंतरराष्ट्रीय मंच पर मौजूदगी को दर्शाती है और उनके मॉडलिंग करियर में आगे की संभावनाओं के नए रास्ते खोलती है।



