प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र काशी में नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन किया है। इस आधुनिक फैक्ट्री के शुरू होने से पूर्वांचल में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस यूनिट में महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 अक्टूबर को वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया, वहां काम करने वाली महिला कर्मचारियों से बातचीत की और तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी देखी।

इस यूनिट में आधुनिक तकनीकों के जरिए कपड़ों का निर्माण किया जाएगा। कंपनी के वैश्विक ग्राहक नेटवर्क के चलते यहां बनने वाले परिधानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने, महिलाओं को काम के अवसर मिलने और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अब सवाल यह है कि क्या काशी की यह नई औद्योगिक इकाई पूर्वांचल को गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी? और क्या इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे?


