नितिन नवीन और CM भजनलाल शर्मा हुए शामिल

आबू रोड (सिरोही)। राजस्थान के सिरोही जिले के आबू रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज संस्था के मुख्यालय शांतिवन में सोमवार को संस्था के नवदशकोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित ग्लोबल समिट 2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने मेडिटेशन कर लोक कल्याण की कामना की और ब्रह्माकुमारीज संस्था की आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवाओं की सराहना की।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ब्रह्माकुमारीज संस्था की 90 वर्षों की सेवा यात्रा को नमन किया। उन्होंने कहा कि ‘ॐ शांति’ का उच्चारण मन को शांति प्रदान करता है और आत्मा को शक्ति देता है। उन्होंने आध्यात्मिक ऊर्जा को विश्व कल्याण के लिए समर्पित करने तथा सेवा और मानव कल्याण के मिशन को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
राजयोगिनी मोहिनी दीदी के आशीर्वाद को बताया सौभाग्य
नितिन नवीन ने ब्रह्माकुमारीज संस्था की प्रमुख राजयोगिनी मोहिनी दीदी के आशीर्वाद को अपने लिए सौभाग्य बताया। उन्होंने संस्था के आध्यात्मिक मार्गदर्शन और मानव सेवा के कार्यों की सराहना करते हुए इस मिशन को निरंतर आगे बढ़ानेकी कामना की। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का भी अभिनंदन किया। साथ ही राजयोगी डॉ. आर.के. मृत्युंजय को नमस्कार किया।

मेडिटेशन कर की लोक कल्याण की कामना
ग्लोबल समिट 2026 के समापन समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार सुबह आबू रोड स्थित शांतिवन पहुंचे। यहां उन्होंने मेडिटेशन कर लोक कल्याण की कामना की और ब्रह्माकुमारीज संस्था के अनुयायियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, ब्रह्माकुमारीज संस्था की प्रमुख राजयोगिनी मोहिनी दीदी और संस्था के अतिरिक्त महासचिव बीके मृत्युंजय भाई सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आध्यात्मिकता और मानव कल्याण का संदेश
ग्लोबल समिट के समापन समारोह में आध्यात्मिक चेतना, विश्व शांति और मानव कल्याण के संदेश पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने और समाज में सकारात्मकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के माध्यम से ब्रह्माकुमारीज संस्था की दशकों से जारी सेवा यात्रा और विश्व कल्याण के उद्देश्य को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।


