श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने की नई व्यवस्था
अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें! 1 नवंबर से मंदिर में पूजा-पाठ, आरती और दर्शन की समय-सारणी बदलने जा रही है। ऋतु परिवर्तन को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने नई व्यवस्था तय की है।

इसके तहत मंदिर के पट अब सुबह 3 बजकर 45 मिनट की जगह 4 बजे खुलेंगे, जबकि रात 10 बजकर 30 मिनट की जगह रात 10 बजे बंद होंगे। सुबह 4 बजकर 30 मिनट पर मंगला आरती होगी और 6 बजकर 30 मिनट पर श्रृंगार आरती होगी। आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन सुबह 7 बजे से शुरू होंगे। सुबह 8 बजे से 8 बजकर 10 मिनट तक बालभोग के लिए पट बंद रहेंगे। दोपहर 11 बजकर 30 मिनट से राजभोग की तैयारी होगी और 12 बजे राजभोग आरती होगी। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट से 1 बजकर 30 मिनट तक रामलला विश्राम करेंगे, जिसके बाद 1 बजकर 35 मिनट से दर्शन दोबारा शुरू होंगे। शाम 7 बजे संध्या आरती और रात 9 बजकर 30 मिनट पर शयन आरती होगी। इसके बाद रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।

ऐसे में अयोध्या जाने से पहले नई समय-सारणी जरूर देख लें, ताकि दर्शन के लिए पहुंचने पर आपको परेशानी न हो।


