जयपुर में पत्थर की खान ढही,रात भर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
- दर्दनाक हादसे की खबर
- पत्थर की खान अचानक ढह गई
- पत्थरों का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा
- रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात चलता रहा
- 19 साल के मजदूर सच्चेलाल यादव की मौत
राजस्थान के जयपुर से इस वक्त एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जोबनेर इलाके के महेशवास गांव में पत्थर की खान अचानक ढह गई। इस हादसे में 19 साल के मजदूर सच्चेलाल यादव की मौत हो गई, जबकि पोकलेन मशीन का चालक दुर्गेश जायसवाल घायल हो गया।हादसा मंगलवार शाम पहाड़ी इलाके में स्थित खदान में हुआ। बताया जा रहा है कि खदान में पत्थरों की खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान पहाड़ी से पत्थरों का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। पत्थरों के गिरने से पोकलेन मशीन भी खिसक गई। मशीन के केबिन में चालक दुर्गेश जायसवाल मौजूद था, जबकि हेल्पर सच्चेलाल यादव अपनी जान बचाने के लिए मशीन से कूद गया। लेकिन बदकिस्मती से वह पत्थरों के मलबे में दब गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद सच्चेलाल को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सिविल डिफेंस और SDRF की टीमों को भी बुलाया गया। जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू हुआ, लेकिन पत्थरों के नीचे दबे मजदूर तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण रहा।रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात चलता रहा। आखिरकार बुधवार सुबह सच्चेलाल यादव का शव मलबे से बाहर निकाला जा सका।
वहीं, मशीन चालक दुर्गेश को मंगलवार शाम ही सुरक्षित निकाल लिया गया था। उसे चोटें आई थीं और उसका उपचार कराया गया।लेकिन इस हादसे के बाद अब खदान में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खनन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना देने में देरी की गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।फिलहाल, मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए जोबनेर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अब जांच में यह स्पष्ट होना अहम होगा कि खदान में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और हादसे के पीछे आखिर क्या वजह रही।जयपुर के जोबनेर से इस हादसे ने एक बार फिर खनन स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



