राजस्थान में मौसम ने करवट ली,येलो अलर्ट जारी
राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रविवार, 18 अक्टूबर को छह जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बारां, बूंदी, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर और टोंक में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है । वहीं, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है । शनिवार को जयपुर समेत भीलवाड़ा, राजसमंद और सिरोही के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई । बादल छाने और हवा चलने से कई जगह दिन के तापमान में नरमी देखने को मिली ।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 अक्टूबर से प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ेंगी और मौसम साफ होने के साथ धूप तेज हो सकती है। ऐसे में लोगों को सलाह है कि मौसम से जुड़ी ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।



